भोपाल। पूरी दुनिया में हजारों लोगों की जान ले चुके कोरोना वायरस को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश की जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। कमलनाथ ने कहा कि किसी को भी कोरोना वायरस से घबराने की जरुरत नहीं है। अनुशासित और संयमित व्यवहार ही कोरोना को रोकने में मदद करेगा।
कमलनाथ ने अपने संदेश में कहा कि आप सभी कोरोना वायरस के संक्रमण, फैलाव और इसके खतरों से परिचित हैं। इस समय पूरे विश्व में कोरोना वायरस का प्रभाव देखा जा रहा है और इसे महामारी घोषित किया जा चुका है। मध्यप्रदेश में भी इसे संक्रामक रोग घोषित किया है। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक आपने जो सतर्कता, सावधानी बरती है और जागरूकता दिखाई है वह सराहनीय है। हमें आने वाले दिनों में और ज्यादा सतर्क रहने की जरुरत है।
कमलनाथ ने आगे कहा कि नागरिकों के अनुशासित व्यवहार और प्रयासों के कारण ही इंदौर, भोपाल जैसे शहर स्वच्छता में देश में अव्वल आए हैं। आपका यही व्यवहार कोरोना को रोकने में मदद करेगा। हमें शरीर की प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो ऐसा भोजन करना होगा। आवश्यकता होने पर डॉक्टर की सलाह व उपयोगी दवाएं भी लें। प्रदेश सरकार भी भारत सरकार और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह पर कोरोना की रोकथाम के लिए सभी उपाय कर रही है। हम सभी को इनका पालन करना चाहिए।
कमलनाथ ने लोगों से अपील की है कि आवश्यकता ना होने पर एक जगह एकत्र ना हो। जरुरी ना हो तो यात्रा करने से बचे। घरों में और आसपास सफाई रखें। साबुन और पानी से हाथ धोंएं। छींकते समय नाक और मुंह ढकें। सर्दी और फ्लू से प्रभावित लोगों के पास जाने से बचें। जो लोग कोरोना वायरस के संक्रमण और इसके फैलाव की रोकथाम को लेकर जागरूक हैं, वह अपनी वैज्ञानिक जानकारी अन्य लोगों को भी दें।
वहीँ अपनी सरकार के प्रयासों को लेकर कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नोवल कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिये सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं। स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल, मेरिज हॉल, सार्वजनिक पुस्तकालय, वॉटर पार्क, जिम, स्वीमिंग-पूल, आँगनवाड़ी आदि को आगामी आदेश तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। कार्यालयों में कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था को बंद किया गया है। सांस्कृतिक समारोह, सार्वजनिक समारोह, आधिकारिक यात्राओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को स्थगित किया गया है। विकासखण्ड स्तर तक शांति समितियों की बैठक आयोजित कर स्थानीय जन-प्रतिनिधियों और धर्म गुरूओं के माध्यम से नोवल कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिये लोगों को जागरूक करने को कहा जा रहा है।
धार्मिक प्रमुखों से कम से कम धार्मिक समारोह करने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही, 20 से अधिक लोगों की सभाओं को रोकने के लिये कानूनी उपाय भी किए जा रहें हैं। साथ ही शासकीय एवं अशासकीय अस्पतालों में भी सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। हमारा हर नागरिक सुरक्षित रहे इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। आप भी सहयोग करें और स्वयं के साथ ही पूरे परिवार आस-पड़ोस और समाज में कोरोना वायरस को रोकने के लिए जो भी संभव हो आप सभी सहयोग दें। आइये एकजुटता के साथ इस कोरोना वायरस बीमारी के प्रकोप को नाकामयाब करें।
इसके अलावा मंत्रि-परिषद की बैठक में भी नोवल कोरोना वायरस का प्रसार प्रदेश, देश और विश्व स्तर पर रोकने के लिये किये गये उपायों को ध्यान में रखकर , प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा व बचाव के लिये कई आवश्यक निर्णय लिये गये है।
