रीवा। भारत और चीन के सैनिकों के बीच गालवन घाटी में हिंसक झड़प में मध्य प्रदेश के रीवा जिले के फरेहदा गांव का जवान दीपक सिंह भी शहीद हो गया है। मात्र 21 साल की उम्र में शहीद हुए दीपक सिंह की 8 महीने पहले शादी हुई थी। दीपक सिंह के शहीद होने की खबर सुनकर उनके घर से लेकर गांव और आसपास मातम छा गया है।
मंगलवार देर रात को सेना के अधिकारियों ने दीपक सिंह के पिता को फ़ोन कर उनके बेटे के शहीद होने की सूचना दी। दीपक सिंह के पार्थिव शरीर को फ़िलहाल लेह में रखा है। गुरुवार को उनके पार्थिव शरीर को रीवा और फिर मनगवां इलाके के फरेहदा गांव लाया जाएगा। यहां उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके पिता ने बताया है कि दीपक की शादी नवंबर 2019 में हुई थी। वह आखिरी बार मार्च में होली मनाने घर आए थे। उनके बड़े भाई भी सेना में है और सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। उनके भाई को भी शहादत की सूचना दे दी गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘तूने सींचा है अपने लहू से वतन की मिट्टी को, वीरों की इस मिट्टी पर हम अभिमान करते हैं। ऐ मेरे वतन के शेर तेरे जाने से चीत्कार रहा दिल, तेरे लहू के हर कतरे, तेरी शहादत को सलाम करते हैं। भारत-चीन की झड़प में शहीद हुए रीवा के वीर सपूत दीपक सिंह के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि।‘
