भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। यहां संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 11 हजार के पार पहुँच गई हैं। मंगलवार को राजधानी भोपाल में कोरोना वायरस के 49 नए मामले सामने आए हैं। इससे शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या 2520 पर पहुंच गई हैं। नए मरीजों में भिंड से आए एसएएफ के सात जवान भी शामिल है। इस बीच मंगलवार को राजधानी में 40 मरीज ठीक होने के बाद अपने घर लौट गए।
दूसरी तरफ इंदौर में एक बार फिर से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ गई हैं। यहां मंगलवार को 1687 सैंपल की जाँच में 44 सैंपल पॉजिटिव आए हैं। इससे यहां संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4143 पर पहुँच गई हैं, वहीं चार लोगों की मौत के बाद मौतों का आंकड़ा 182 तक पहुंच चुका है।
मंगलवार को उज्जैन में तीन, रतलाम में सात, खरगोन में 11, मंदसौर में एक, शाजापुर में एक और देवास में तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। बता दे कि उज्जैन में अब तक संक्रमण के 822, खरगोन में 238, देवास में 177 और रतलाम में 118 मामले सामने आ चुके हैं।
इसके अलावा जबलपुर,अनुपपुर और पन्ना जिले में कोरोना का एक-एक नया मामला सामने आया है। वहीं ग्वालियर में एक साथ संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 272 हो गई हैं। इस बीच मंगलवार को ग्वालियर में 13 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
