भोपाल। तमाम कोशिशों के बाद भी मध्यप्रदेश में अब तक कोरोना की रफ़्तार पर लगाम नहीं लगाई जा सकी है। प्रदेश में कोरोना मरीजों के आंकड़ा 6000 के पार पहुँच गया है। गुरुवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के 196 नए मामले सामने आए है। वहीँ चार लोगों की कोरोना के कारण मौत हो गई है। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6071 हो गई है जबकि मरने वालों का आंकड़ा 233 हो गया है।
राजधानी भोपाल में गुरुवार को 39 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। नए मरीजों में उच्च शिक्षा विभाग के ओएसडी भी शामिल है। इनके पॉजिटिव आने से पूरे विभाग में हड़कम्प मच गया है। सतपुड़ा भवन के तीसरे और चौथे फ्लोर को सैनिटाइज किया गया है। वहीँ मंगलवारा क्षेत्र के 9 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। राजधानी में अब संक्रमितों की संख्या 1229 हो गई है जबकि स्वस्थ होकर घर पहुँचने वालों की संख्या 706 हो गई है।
वहीँ इंदौर में गुरुवार को 76 नए मामले सामने आने के बाद मरीजों की संख्या 2850 हो गई हैं जबकि दो लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 109 हो गया है। गुरुवार को इंदौर में 599 सैंपल की जांच की गई। इस बीच राहत की खबर यह रही कि गुरुवार इंदौर में 67 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। इंदौर में अब तक 1280 लोग कोरोना को हराकर अपने घर लौट चुके हैं।
उज्जैन में कोरोना संक्रमितों के आंकड़ा 500 के पार पहुँच गया है। गुरुवार को 23 नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद यहाँ संक्रमितों की संख्या 504 हो गई है। नए मरीजों में 13 मरीज उज्जैन, 9 मरीज बड़नगर और एक मरीज महिदपुर का रहने वाला है। वहीँ 25 मरीजों के ठीक होने के बाद उज्जैन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 218 हो गई है, जबकि 51 लोग अब तक महामारी के कारण जान गवां चुके हैं।
इनके अलावा गुरुवार को नीमच में आठ और मंदसौर में तीन नए मामले सामने आए है। मंदसौर में तीनों मामले हॉट स्पॉट गुदरी क्षेत्र से सामने आए है। इससे मंदसौर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 82 हो गई है जबकि नीमच में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 60 हो गई है। वहीँ देवास में 47 सैंपल की जाँच रिपोर्ट में तीन सैंपल पॉजिटिव आए है। यहाँ अब तक 69 मरीज सामने आए है। इनमें से 37 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि आठ लोगों की मौत हो चुकी है। रतलाम में भी एक 10 वर्षीय बालक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। शाजापुर में 16 दिन बार कोरोना संक्रमण का नया मामला सामने आया है।
जबलपुर में गुरुवार को चार नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद पॉजिटिव मरीजों की संख्या 194 हो गई है। यहाँ अब तक 115 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, वहीँ 9 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। वहीँ ग्वालियर-चंबल संभाग में 19 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें 7 मरीज ग्वालियर, 9 मरीज मुरैना, 2 मरीज भिंड और एक मरीज शिवपुरी का रहने वाला है।
