बालाघाट। अगर आप शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए अंडे खा रहे हो तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। क्योंकि बाजार में प्लास्टिक के अंडे बेचने का मामला सामने आया है। यह अंडे आपको फायदे के बजाय नुकसान पहुंचा सकते हैं। मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस से इन नकली अंडों की शिकायत की है।
गौरतलब है कि कोरोना संकट में डॉक्टर्स भी लोगों को लगातार अंडे का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन बाजार में कुछ लोग नकली अंडे बेचकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। ताजा मामला मध्य प्रदेश के बालाघाट से सामने आया है। बालाघाट के गोंदिया रोड निवासी युवक आदित्य शुक्ला ने दुकान से एक दर्जन अंडे खरीदे। जब युवक ने उन अंडों को उबालने के बाद छीला तो अंडा बिल्कुल प्लास्टिक की तरह हो गया। इसके बाद युवक ने अंडे को जलाया तो वह प्लास्टिक की तरह जलने लगा।
इसके बाद युवक ने दुकानदार से इसकी शिकायत की। इस पर दुकानदार ने होलसेल विक्रेता के यहां जाकर प्लास्टिक का अंडा निकलने की जानकारी दी। लेकिन होलसेल विक्रेता ने प्लास्टिक का अंडा होने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि फ्रिज में रखने के कारण अंडा ऐसा हो गया है। इसके बाद युवक मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की।
मामले को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी ने कहा है कि बाजार से खरीदे हुए अंडे उबालने पर प्लास्टिक के निकलने की शिकायत थाने में की गई है। इस मामले में खाद्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर मामले की विवेचना की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
