भोपाल। दिल्ली में एक बार फिर अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि भाजपा सिर्फ आठ सीट जीत पाई। वहीँ कांग्रेस का पिछली बार की तरह खाता भी नहीं खुला। आम आदमी पार्टी के निर्वाचित 62 विधायकों में एक विधायक भोपाल का भी है।
जंगपुरा से आप के टिकट पर जीते प्रवीण कुमार भोपाल के रहने वाले है। उनकी पढ़ाई लिखाई भोपाल में ही हुई है। भोपाल से बीएससी और एमबीए करने के बाद प्रवीण नौकरी करने के लिए दिल्ली गए थे। नौकरी करते-करते प्रवीण अन्ना आन्दोलन से जुड़ गए। फिर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। 2014 में प्रवीण को जंगपुरा से आप की टिकट मिली और वो विधायक बने। 2020 में एक बार फिर से प्रवीण जंगपुरा से विधायक बने है।
प्रवीण के पिता पीएन देशमुख की भोपाल के पुल बोगदा पर पंचर बनाने की बहुत छोटी सी दुकान है। प्रवीण के पिता पीएन देशमुख अपने परिवार का गुज़ारा इसी दुकान से करते हैं। बेटे के विधायक बनने के बाद भी पीएन देशमुख सुबह से शाम तक दुकान पर मेहनत करते रहते हैं। चुनाव परिणाम के दिन पीएन देशमुख अपने बेटे और बहु के पास दिल्ली चले गये थे।
