धार। गुरुवार को बदमाशों ने धार के डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव किया। बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोककर पत्थर बरसाए। इसके बाद ड्राइवर और एक अन्य कर्मचारी के साथ मारपीट की। इस घटना में डिप्टी कलेक्टर चौहान सुरक्षित हैं।
दरअसल धार के डिप्टी कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान भोपाल में मीटिंग के बाद धार लौट रहे थे। इस दौरान इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर ग्राम लेबड़ के पास कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोककर पथराव किया। उसके बाद बदमाशों ने ड्राइवर और एक अन्य कर्मचारी से मारपीट की।
बताया जा रहा है कि करीब पांच बदमाश चार पहिया वाहन आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। खबर मिलते ही सादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फ़िलहाल पुलिस का कहना है कि उन्होंने आरोपियों के बारे में पता लगा लिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
