सागर। व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के चलते अपने ही कार्यालय पर हमला कराने के षड्यंत्रकारी छतरपुर अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अनिल सपकाले पर कार्रवाई की गई है। कमिश्नर आनंद कुमार शर्मा ने एसडीएम अनिल सपकाले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कमिश्नर ने मप्र सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अनिल सपकाले को निलंबित किया है। अनिल सपकाले ने जो अपराध किया है वह मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन होने से दण्डनीय है।
बता दे कि बुधवार को पांच लोगों ने एसडीएम कार्यालय पर हमला बोल दिया था। इस दौरान आरोपियों ने एसडीएम कार्यालय और चैम्बर में गोली चलाई व जमकर तोड़-फोड़ की। जिस समय यह घटना घटी उस समय एसडीएम कार्यालय के अंदर ही मौजूद थे।
घटना की जाँच में सामने आया कि कृष्ण यूनिवर्सिटी के चेयरमैन पुष्पेंद्र गौतम ने खजुराहो यूनिवर्सिटी के अभय सिंह भदौरिया को फ़साने के चक्कर में एसडीएम अनिल सपकाले के साथ मिलकर साजिश रची थी। उन्होंने घटना के पूर्व पूरी स्क्रिप्ट तैयार की और एसडीएम को संज्ञान में लेकर मूर्त रूप देने का अपराध किया था। पुलिस ने एसडीएम अनिल सपकाले को घटना का षड्यंत्रकारी करार दिया है।
