सिवनी। पुलिस ने वन्य प्राणियों की खाल और अवशेष की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चीतल, चिंकारा की खाल, सींग और अवशेष जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीँ जब्त वन्यजीवों की खाल और अवशेष परीक्षण के लिए वन विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
सिवनी जिले के लखनादौन थाना प्रभारी महादेव नागोतिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीला कुर्ता और हल्दी रंग की लुंगी पहने एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति रानी दुर्गावती चौराहा पर खड़ा है और जंगली जानवर चीतल की खाल बेचने के लिये ग्राहको का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रानी दुर्गावती चौराहे पर खड़े आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपना नाम डिल्ली सिंह पिता मानकलाल गोंड निवासी दरगडा थाना धूमा बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से चीतल की एक खाल जब्त की। खाल की लंबाई 36 इंच एवं चौडाई 16 इंच थी।
डिल्ली सिंह ने पूछताछ के दौरान अपने साथी भिलमा गांव निवासी शेर सिंह पिता नेपाल सिंह पटेल का नाम बताया। इस पर पुलिस ने भिलमा गांव में दबिश देकर शेर सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस को शेर सिंह के पास से चिंकारा की एक अन्य खाल और अवशेष मिले। आरोपी वन्य प्राणी की खाल और अवशेष की तस्करी करने की फिराक में थे, लेकिन खरीद-फरोख्त से पहले ही पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।
