उज्जैन। उत्तरप्रदेश के गैंगस्टर विकास दुबे पर घोषित पांच लाख रुपए की इनाम की राशी उज्जैन पुलिस को दी जाएगी। उज्जैन पुलिस ने इनाम की राशी के लिए एक कमेटी बनाई है। यह कमेटी उन लोगों के नाम तय करेगी, जिन्हें इनाम की रकम दी जाएगी।
दरअसल विकास दुबे पर पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था। विकास दुबे के पकड़े जाने के बाद ही सवाल उठाने लगे थे कि इनाम की राशी किसे मिलेगी, क्योंकि विकास दुबे को पकड़ने को लेकर अलग-अलग कहानियां सामने आ रही थी।
इस बीच यूपी पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस को इनाम की राशि के लिए एक पत्र लिखा है। इस पत्र के बाद उज्जैन एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश भूरिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह टीम तय करेगी कि किन-किन लोगों में इनाम की राशि बांटी जाए। उसके बाद नामों की संख्या के आधार पर राशि का बंटवारा होगा।
गौरतलब है कि 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से पकड़ा था। इसके बाद उज्जैन पुलिस ने उसे यूपी पुलिस के हवाले कर दिया था। यूपी पुलिस उसे कानपुर ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उसका एनकाउंटर हो गया।
