पन्ना। पन्ना की धरती कब किसे रंक से राजा बना दे कह नहीं सकते। मंगलवार को ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां की उथली हीरा खदान में मजदूर को हीरा मिला है। इस हीरे की कीमत 30 लाख के ऊपर बताई जा रही है।
हीरा पाने वाले मजदूर का नाम आनंदी लाल कुशवाहा है। वह अपने मजदूर साथियों के साथ पिछले छह महीने से हीरा खोज रहा था। मंगलवार को जब उसे हीरा मिला तो उसकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा।
इसके बाद मजदूर जब पन्ना के डायमंड कार्यालय में हीरा जमा कराने पहुंचा तो वहां हीरा देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। 10.69 कैरेट के इस हीरे की कीमत 30 लाख से अधिक बताई जा रही है। मजदूर ने कहा साथियों के साथ हीरा खोज रहे थे धरती माता का आशीर्वाद मिल गया।
वहीं हीरा अधिकारी एसएन पांडे का कहना है कि लंबे समय बाद यह बड़ा हीरा मिला है, जिसे विधिवत जमा करा दिया गया है। अब इसको नीलामी में रखा जाएगा और जो भी कीमत मिलेगी, रॉयल्टी और टैक्स काटकर संपूर्ण राशि मजदूर को दी जाएगी।
गौरतलब है कि देश दुनिया में पन्ना का हीरा मशहूर है। बीते कुछ महीनों से लकडाउन के कारण काम बंद था। अब जब अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई है लोगों ने काम किया और मिले छप्पर फाड़ के इस हीरे ने सभी को आकर्षित कर दिया है।
